‘गंदी और नग्न राजनीति’: इंटरनेशनल मंच पर कांग्रेस के हंगामे को पीएम मोदी ने बताया ‘बौद्धिक दिवालियापन’

दिल्ली में आयोजित ‘ग्लोबल एआई समिट’ के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा कपड़े उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कड़ा प्रहार किया है। रविवार को मेरठ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अपनी “गंदी और नग्न राजनीति” के लिए अंतरराष्ट्रीय मंचों का इस्तेमाल कर रही है, जो बेहद शर्मनाक है।
देश के सम्मान पर चोट: पीएम मोदी ने जनसभा में कहा, “पूरी दुनिया देख रही थी कि भारत कैसे तकनीक के क्षेत्र में नेतृत्व कर रहा है। ८० से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए थे। लेकिन कांग्रेस ने इस वैश्विक गरिमा के कार्यक्रम को अपनी घटिया राजनीति का अड्डा बना दिया।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता विदेशी मेहमानों के सामने बिना शर्ट के पहुंच गए। पीएम ने सवाल किया, “मैं कांग्रेस से पूछता हूं, देश जानता है कि आप पहले से ही नंगे (वैचारिक रूप से) हैं, तो फिर कपड़े उतारने की क्या जरूरत थी?”
विपक्ष पर तीखा प्रहार: प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब ‘मोदी विरोध’ के नाम पर ‘देश विरोध’ पर उतर आई है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के लोग मोदी से नफरत करते हैं, वे मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, मेरी मां को गाली देते हैं। बीजेपी का विरोध करना उनका हक है, लेकिन एआई समिट देश का गौरव था, किसी पार्टी का कार्यक्रम नहीं।” पीएम ने इस बात पर संतोष जताया कि कांग्रेस के इस व्यवहार की निंदा उनके खुद के गठबंधन सहयोगियों ने भी की है, जो दर्शाता है कि कांग्रेस अब पूरी तरह अलग-थलग पड़ चुकी है।