ममता की ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना पर मोहम्मद सलीम का बड़ा दांव! बोले- सत्ता में आए तो देंगे दोगुना पैसा

पश्चिम बंगाल की राजनीति में ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना एक बड़ा मुद्दा रही है, लेकिन अब सीपीएम ने इसे लेकर ममता सरकार को खुली चुनौती दी है। सीपीएम राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने एक बड़ा एलान करते हुए कहा है कि अगर बंगाल में वामपंथी सत्ता में वापस आते हैं, तो वे महिलाओं को लक्ष्मी भंडार से कहीं ज्यादा राशि देंगे। उन्होंने इस योजना को महज एक चुनावी पैंतरा करार दिया।

सलीम ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि तृणमूल सरकार की ‘श्री’ नाम वाली सभी योजनाएं केरल की ‘कुडुम्बश्री’ परियोजना की नकल हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इसे भंडार क्यों कहा जा रहा है? असली भंडार तो मंत्रियों के करीबियों के बिस्तर के नीचे मिला था। महिलाओं को जो ५००-१००० रुपये मिल रहे हैं, वह तो जनता से लूटे गए पैसों का एक छोटा सा हिस्सा है जिसे ‘जुर्माने’ के तौर पर वापस किया जा रहा है।”

भत्ते के लिए पैसा कहां से आएगा, इस पर सलीम ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और ‘कट-मनी’ पर लगाम लगाकर सरकारी खजाने को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और केरल जैसे राज्य अपनी महिलाओं को बंगाल से कहीं ज्यादा दे रहे हैं। सलीम ने यह भी घोषणा की कि १ मार्च से वामपंथी अपना चुनावी अभियान शुरू करेंगे और इस बार उम्मीदवारों की सूची में महिलाओं की संख्या पहले से कहीं अधिक होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *