बंगाल में बसंत में बारिश का अलर्ट! अगले 48 घंटे इन जिलों में गरज के साथ बौछारें, बढ़ेगी उमस

पश्चिम बंगाल से सर्दी की विदाई होते ही मौसम ने नया रंग दिखाना शुरू कर दिया है। अलीपुर मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, इस सप्ताह के पहले दो दिन यानी सोमवार और मंगलवार को दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में बारिश की प्रबल संभावना है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पछुआ हवाओं के टकराने से यह बेमौसम बारिश होने जा रही है।
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को झाड़ग्राम, बांकुरा और मेदिनीपुर में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, मंगलवार को कोलकाता, हावड़ा, हुगली और दक्षिण 24 परगना में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इस बारिश से तापमान में गिरावट नहीं आएगी, बल्कि न्यूनतम तापमान में २ से ३ डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों, विशेषकर दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ी इलाकों में भी बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि मंगलवार शाम तक मौसम में सुधार होने की उम्मीद है, लेकिन तब तक उमस और बादलों की आवाजाही जारी रहेगी।