पुणे की फैक्ट्री में काम और पाकिस्तान से कनेक्शन! क्रिप्टो करेंसी में होती थी डीलिंग, पुलिस के हत्थे चढ़ा जासूस

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक बार फिर पाकिस्तानी जासूसी कांड ने हड़कंप मचा दिया है। बहरामपुर पुलिस ने सुमन शेख नाम के एक युवक को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने और वहां के हैंडलर्स को ओटीपी (OTP) साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पुणे की एक लेद फैक्ट्री में काम करता था, लेकिन उसकी असल पहचान सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी एजेंटों से जुड़ी हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुमन शेख क्रिप्टो करेंसी के जरिए पाकिस्तान से पैसे लेता था। पिछले हफ्ते जोहाब शेख नाम के एक सिम कार्ड डीलर की गिरफ्तारी के बाद सुमन का नाम सामने आया। जांचकर्ताओं को संदेह है कि ये लोग फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट कर उनके ओटीपी पाकिस्तान भेजते थे, जिसका इस्तेमाल वहां के जासूस भारतीय नंबरों से सोशल मीडिया और व्हाट्सएप अकाउंट चलाने के लिए करते थे।
देशव्यापी सुरक्षा अभियान के बीच यह गिरफ्तारी बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। पिछले कुछ समय में दिल्ली, वाराणसी और हरियाणा से भी ऐसे जासूसों को पकड़ा गया है। सुमन के पास से बरामद मोबाइल और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पाकिस्तन को भारतीय सैन्य ठिकानों की जानकारी तो साझा नहीं की थी। मुर्शिदाबाद जैसे संवेदनशील सीमावर्ती जिले में इस तरह के नेटवर्क का सक्रिय होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय है।