शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, पुणे के अस्पताल में भर्ती; डिहाइड्रेशन की शिकायत

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार को रविवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। 85 वर्षीय दिग्गज राजनेता को डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) और कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे विशेषज्ञों की निगरानी में हैं।
रूबी हॉल क्लिनिक के डॉ. परवेज ग्रांट ने बताया कि पवार को आईवी फ्लूइड दिया जा रहा है और चिंता की कोई बात नहीं है। उन्हें अगले दो दिनों में छुट्टी दी जा सकती है। इससे पहले 9 फरवरी को भी उन्हें सीने में जकड़न के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके करीबी सहयोगियों का कहना है कि भारी व्यस्तता और हाल ही में भतीजे अजीत पवार के निधन के मानसिक तनाव के कारण उन्हें शारीरिक थकान महसूस हो रही थी। उनकी बेटी सुप्रिया सुले भी अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं।