एक ही ट्रैक पर चलेगी नमो भारत और मेट्रो; मेरठवासियों के लिए ऐतिहासिक दिन, योगी भी रहे मौजूद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारत की सबसे तेज़ मेट्रो, मेरठ मेट्रो का उद्घाटन कर देश को परिवहन की नई सौगात दी है। 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली यह मेट्रो अब दिल्ली और मेरठ के बीच की दूरी को बेहद कम कर देगी। पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शताब्दी नगर से मेरठ दक्षिण तक मेट्रो में सफर किया और यात्रियों से मुलाकात की।
क्या है खास? 23 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में कुल 13 स्टेशन हैं। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि भारत में पहली बार नमो भारत ट्रेन और मेट्रो दोनों एक ही ट्रैक पर संचालित होंगी। दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक का सफर अब मात्र 60 मिनट से भी कम समय में पूरा होगा। मेरठ मेट्रो महज 30 मिनट में अपना पूरा रूट कवर कर लेगी।
यह मेट्रो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन के साथ भी बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे लाखों यात्रियों का समय बचेगा।