लेफ्टिनेंट जनरल एम मोईनुर रहमान नए CGS नियुक्त; DGFI की कमान भी बदली

बांग्लादेश में प्रधानमंत्री तारिक रहमान की नई सरकार के गठन के कुछ ही दिनों के भीतर देश की सेना में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। रविवार को सेना मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान में शीर्ष पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। यह फेरबदल देश की रणनीतिक कमान और खुफिया एजेंसियों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल एम मोईनुर रहमान को सेना का नया चीफ ऑफ जनरल स्टाफ (CGS) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह आर्मी ट्रेनिंग एंड डॉक्ट्रिन कमांड (ARTDOC) के प्रमुख के रूप में कार्यरत थे। वहीं, प्रिंसिपाल स्टाफ ऑफिसर (PSO) के पद पर लेफ्टिनेंट जनरल एसएम कामरुल हसन की जगह नवनियुक्त लेफ्टिनेंट जनरल मीर मुशफिकुर रहमान को लाया गया है। कामरुल हसन को विदेशी राजदूत के रूप में नियुक्ति के लिए विदेश मंत्रालय भेजा गया है।

सैन्य खुफिया एजेंसी महानिदेशालय (DGFI) के नेतृत्व में भी बड़ा बदलाव हुआ है। मेजर जनरल कैसर रशीद चौधरी को DGFI का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, भारत में बांग्लादेश उच्चायोग के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद हफीजुर रहमान को मेजर जनरल के पद पर पदोन्नत कर स्वदेश वापस बुलाया गया है और उन्हें इन्फैंट्री डिवीजन के GOC की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि १२ फरवरी को हुए चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। १७ फरवरी को तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले शेख हसीना सरकार के पतन के बाद १८ महीनों तक मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार सत्ता में थी। नई सरकार के गठन के बाद यूनुस ने भी देश छोड़ दिया है। सेना में यह फेरबदल नई सरकार की सुरक्षा और प्रशासनिक पकड़ को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *