BAFTA 2026: मणिपुर की फिल्म ‘बुंग’ ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, फरहान अख्तर ने ली ट्रॉफी!

भारतीय सिनेमा के लिए एक बार फिर गौरवशाली पल आया है। ७९वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवॉर्ड्स (बाफ्टा) में मणिपुरी भाषा की फिल्म ‘बुंग’ (Boong) ने ‘बेस्ट चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म’ का प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है। इस फिल्म ने दुनिया भर की कई बेहतरीन फिल्मों को पछाड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया।

इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्मीप्रिया देवी ने किया है, जबकि इसके निर्माण की जिम्मेदारी बॉलीवुड के दिग्गज फरहान अख्तर के प्रोडक्शन हाउस ने संभाली थी। लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित इस समारोह में फरहान अख्तर अपनी पत्नी शिबानी दांडेकर के साथ शामिल हुए। ट्रॉफी लेते समय मंच पर फरहान और लक्ष्मीप्रिया की खुशी देखते ही बन रही थी।

‘बुंग’ की कहानी मणिपुर के सामाजिक और राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच एक छोटे लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है। मणिपुरी में ‘बुंग’ का अर्थ होता है ‘छोटा लड़का’। फिल्म का मुख्य किरदार एक किशोर है, जो अपने लापता पिता को ढूंढने के लिए निकलता है ताकि उसकी मां के चेहरे पर मुस्कान लौट सके। किशोर की भूमिका में गुगुन किपगेन के अभिनय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

उत्तर-पूर्व भारत की इस आंचलिक फिल्म की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय क्षेत्रीय सिनेमा की कहानियां आज विश्व स्तर पर प्रासंगिक हैं। यह पुरस्कार न केवल फिल्म की टीम के लिए बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत के फिल्म उद्योग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *