ओडिशा में सुरक्षाबलों की बड़ी स्ट्राइक! मुठभेड़ में ढेर हुआ २२ लाख का इनामी माओवादी जग्येश

ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए दो खूंखार माओवादियों को ढेर कर दिया है। मारे गए नक्सलियों में सबसे बड़ा नाम डिप्टी प्लाटून कमांडर जग्येश का है, जिसकी गिरफ्तारी पर २२ लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, इस मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है, जिससे इलाके में किसी बड़ी आतंकी घटना की योजना विफल हो गई है।

नक्सल विरोधी अभियान के एडीजी संजीव पांडा ने जानकारी दी कि २२ फरवरी को खुफिया जानकारी के आधार पर जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। सुरक्षाबलों को देखते ही माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलीबारी थमने के बाद सर्चिंग के दौरान दो शव मिले। जग्येश के साथ मारा गया दूसरा नक्सली ‘रत्ना’ था, जो बीजापुर का रहने वाला था और उस पर १.६५ लाख रुपये का इनाम था।

घटनास्थल से एक एके-४७ राइफल, ६ यूबीजीएल ग्रेनेड और एक एसएलआर राइफल बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि जग्येश ११ से अधिक हिंसक वारदातों में शामिल था। एडीजी पांडा ने कहा कि ३१ मार्च तक माओवाद खत्म करने के मिशन के तहत अभियान तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने अन्य माओवादियों से आत्मसमर्पण करने की अपील की है, अन्यथा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *