बांग्लादेश क्रिकेट में बड़ा धमाका: महिला कप्तान के साथ की थी बदसलूकी, अब हमेशा के लिए बाहर हुए मंजूरुल

बांग्लादेश की पूर्व महिला कप्तान जहानारा आलम के यौन उत्पीड़न के मामले में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ऐतिहासिक कड़ा कदम उठाया है। पूर्व चयनकर्ता और टीम मैनेजर मंजूरुल इस्लाम को जहानारा के साथ यौन दुर्व्यवहार का दोषी पाए जाने के बाद क्रिकेट की दुनिया से अनिश्चितकाल के लिए निर्वासित कर दिया गया है। जहानारा ने २०२२ महिला विश्व कप के दौरान मंजूरुल पर गंभीर आरोप लगाए थे।
जांच समिति, जिसकी अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायाधीश तारिक उल हकीम कर रहे थे, ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि जहानारा द्वारा लगाए गए चार प्रमुख आरोपों में से दो पूरी तरह से साबित हुए हैं। जांच में यह पाया गया कि मंजूरुल ने पद का दुरुपयोग करते हुए महिला क्रिकेटर के साथ ‘अशोभनीय’ व्यवहार किया था। बीसीबी की बोर्ड मीटिंग में यह निर्णय लिया गया कि मंजूरुल अब बांग्लादेशी क्रिकेट से किसी भी तरह से नहीं जुड़ पाएंगे।
जहानारा आलम ने शुरुआत में जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे, लेकिन अंततः बोर्ड के इस फैसले ने उनकी लड़ाई को जीत दिला दी है। बीसीबी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि अगले आदेश तक मंजूरुल इस्लाम पर यह प्रतिबंध लागू रहेगा। खेल जगत में इस फैसले की सराहना हो रही है, क्योंकि यह महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति एक सख्त संदेश है।