संगीत क्रांति के महानायक की कहानी: 331 फिल्में और बेमिसाल धुनें, पर्दे पर दिखेगा राहुल देव बर्मन का सफर

बॉलीवुड में बायोपिक का दौर अब एक नए मुकाम पर पहुंच गया है। किशोर कुमार की बायोपिक की चर्चाओं के बीच, अब भारतीय फिल्म संगीत के सबसे क्रांतिकारी संगीतकार आरडी बर्मन (राहुल देव बर्मन) की जीवनी पर फिल्म बनने की खबर ने हलचल मचा दी है। इंडस्ट्री के सूत्रों के मुताबिक, ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ जैसी सुपरहिट बायोपिक बनाने वाले निर्देशक नीरज पांडे इस फिल्म का निर्देशन करेंगे।
नीरज पांडे ने इससे पहले ‘ए वेडनेसडे’, ‘स्पेशल 26’ और ‘बेबी’ जैसी थ्रिलर फिल्मों से अपनी एक अलग पहचान बनाई है। लेकिन बायोपिक के मामले में उनका ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है। खबर है कि नीरज ने इस नई फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी कर ली है और वे स्कॉटलैंड और बुडापेस्ट जैसे विदेशी लोकेशन्स पर रेकी भी कर चुके हैं। हालांकि फिल्म की आधिकारिक घोषणा और मुख्य अभिनेता के नाम का खुलासा होना अभी बाकी है।
आरडी बर्मन ने अपने तीन दशक लंबे करियर में 331 फिल्मों में संगीत दिया। उन्होंने बॉलीवुड संगीत की परिभाषा ही बदल दी थी। महान संगीतकार सचिन देव बर्मन के बेटे राहुल ने अपने संगीत में पश्चिमी और भारतीय धुनों का जो मेल किया, वह आज भी युवाओं को प्रेरित करता है। यह बायोपिक न केवल एक संगीतकार की कहानी होगी, बल्कि उस दौर की कहानी होगी जब ‘पंचम दा’ के संगीत ने पूरी दुनिया पर राज किया था।