टीम बस में गंभीर ने लगाई अभिषेक की क्लास! वीडियो वायरल होने के बाद टीम इंडिया में मची खलबली

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के पहले मैच में 76 रनों की शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया की चारों तरफ आलोचना हो रही है। इस हार ने न केवल भारत के सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर दी है, बल्कि टीम के भीतर के तालमेल पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की बल्लेबाजी में आक्रामकता की कमी ने चयनकर्ताओं को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इसी बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है—भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर टीम बस में अभिषेक शर्मा को कड़े निर्देश देते और बहस करते नजर आ रहे हैं।
यह घटना चेन्नई एयरपोर्ट से होटल जाते समय की है। वीडियो में दिख रहा है कि गंभीर काफी गंभीर मुद्रा में अभिषेक को कुछ समझा रहे हैं, जिसे फैंस ‘सार्वजनिक फटकार’ मान रहे हैं। कई समर्थकों का कहना है कि गंभीर को रोहित शर्मा से सीखना चाहिए कि कैसे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बनाए रखा जाता है। अभिषेक ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 15 रन बनाए थे, जिसके बाद भारतीय पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
अब 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाला मैच भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला बन गया है। चेन्नई की पिच को देखते हुए टॉप ऑर्डर में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक और तिलक को बाहर बैठाया जा सकता है। गौतम गंभीर की रणनीति अब टीम को जीत दिलाने की है या खिलाड़ियों पर दबाव बनाने की, यह तो जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच का नतीजा ही बताएगा। भारतीय टीम इस समय भारी दबाव में है और एक भी गलती उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर कर सकती है।