ममता की लिस्ट से पहले ही छप गए नाम! विधायक लवली मोइत्रा के वॉल राइटिंग पर बंगाल में मचा बवाल

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की आहट अभी शुरू ही हुई है कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर उम्मीदवारों के नामों को लेकर होड़ मच गई है। चुनाव आयोग ने अभी तारीखों का एलान नहीं किया है और न ही पार्टी ने आधिकारिक लिस्ट जारी की है, लेकिन सोनारपुर दक्षिण की विधायक लवली मोइत्रा और मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी के समर्थकों ने दीवारों पर उनके नाम लिखना शुरू कर दिया है।
राजपुर सोनारपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 11 में लवली मोइत्रा (अरुंधति मोइत्रा) के नाम की वॉल राइटिंग ने पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी। विवाद बढ़ता देख आनन-फानन में दीवारों पर लिखे नामों को चूने से मिटाया गया। इस पर सफाई देते हुए लवली मोइत्रा ने कहा, “यह पूरी तरह गलत है। उम्मीदवार का चयन पार्टी करती है और लिस्ट आने से पहले कोई भी दीवार नहीं लिखी जा सकती।” उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं की गलती बताते हुए मामले को शांत करने की कोशिश की।
वहीं दूसरी ओर, पूर्व बर्धमान में पुस्तकालय मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी ने मोंतेश्वर सीट से अपनी दावेदारी का खुद ही एलान कर दिया। उन्होंने जिला अध्यक्ष का हवाला देते हुए कहा कि ‘साहब’ की उम्मीदवारी पक्की है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह पार्टी नेतृत्व पर दबाव बनाने की कोशिश है। हालांकि, पार्टी के आधिकारिक निर्देश के बिना इस तरह की बयानबाजी और वॉल राइटिंग ने विपक्षी दलों को निशाना साधने का मौका दे दिया है। बंगाल की राजनीति में अब ‘टिकट’ की इस जंग ने चुनावों से पहले ही पारा गरमा दिया है।