उदयपुर में ‘बिरोश’ की शादी का आगाज़! सात फेरों से पहले रश्मिका-विजय ने दी ग्रैंड जापानी डिनर पार्टी

उदयपुर के शाही माहौल में ‘नेशनल क्रश’ रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं। फैंस जिसे ‘बिरोश’ (VIROSH) के नाम से बुलाते हैं, उस जोड़ी के जीवन का सबसे बड़ा पल अब करीब है। 26 फरवरी को यह जोड़ा शादी के बंधन में बंधेगा, लेकिन उससे पहले उदयपुर के एक आलीशान रिसॉर्ट में जश्न का माहौल है। रश्मिका और विजय ने अपनी इंस्टा स्टोरी के जरिए अपने खास पलों की कुछ झलकियां साझा की हैं, जिन्हें देखकर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर है।
शादी का आयोजन उदयपुर शहर से लगभग 25 किमी दूर स्थित अरावली पहाड़ियों के बीच बने लग्जरी होटल ‘आईटीसी मेमेंटोस’ (ITC Mementos) में हो रहा है। 117 विला वाले इस विशाल रिसॉर्ट में एक निजी हेलीपैड और झील भी है, जो इसे प्राइवेसी के लिए बेहतरीन जगह बनाता है। विजय द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में मेहमानों को पूल के किनारे वॉलीबॉल खेलते और ड्रिंक्स का आनंद लेते देखा जा सकता है। वहीं, रश्मिका ने एक खूबसूरत डिनर टेबल की तस्वीर साझा की, जहां मेहमानों के लिए खास जापानी डिनर का आयोजन किया गया था। सबसे ज्यादा ध्यान खींचा उन नैपकिन्स ने, जिन पर ‘VIROSH’ लिखा हुआ था।
मंगलवार को मेहंदी की रस्म के साथ प्री-वेडिंग उत्सव की शुरुआत हो रही है। बुधवार, 25 फरवरी की सुबह हल्दी की रस्म होगी और शाम को संगीत सेरेमनी में सितारों की महफिल सजेगी। 26 फरवरी को करीबी 100 मेहमानों की मौजूदगी में रश्मिका और विजय एक-दूजे के हो जाएंगे। उदयपुर में शादी के बाद, 4 मार्च को हैदराबाद में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित होने की उम्मीद है, जिसमें साउथ और बॉलीवुड इंडस्ट्री के दिग्गज शामिल होंगे।