लखनऊ में श्रद्धा हत्याकांड जैसी दरिंदगी! डॉक्टर नहीं बनना चाहता था बेटा, तो पिता को मारकर किए टुकड़े

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। करियर को लेकर हुए विवाद में एक 21 वर्षीय युवक ने अपने 50 वर्षीय पिता, मनवेन्द्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। पुलिस ने इस मामले का खुलासा तब किया जब वह मनवेन्द्र सिंह के लापता होने की शिकायत की जांच कर रही थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी बेटे अक्षत सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि 20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे उसके पिता के साथ पढ़ाई को लेकर झगड़ा हुआ था। पिता चाहते थे कि अक्षत डॉक्टरी की तैयारी करे, लेकिन वह इसके खिलाफ था। गुस्से में आकर अक्षत ने पिता को गोली मार दी। सबूत मिटाने के लिए उसने शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाया और उसके टुकड़े कर दिए। शरीर के कुछ हिस्सों को उसने बाहर फेंक दिया और बाकी हिस्सों को एक नीले ड्रम में छिपा दिया।
हैरान करने वाली बात यह है कि अक्षत की बहन ने यह सब देख लिया था, लेकिन आरोपी ने उसे डरा-धमका कर चुप रहने पर मजबूर कर दिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी अक्षत को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।