पार्षद ने पुलिस की सक्रियता पर उठाए सवाल! सरेआम हथियार लहरा रहे हैं बदमाश; दहशत में पार्क सर्कस इलाका

तिलजला रोड गोलीकांड में मुख्य आरोपी पिता और पुत्र की गिरफ्तारी के बाद भी पीड़ित मोहम्मद नियाज का परिवार खौफ के साये में है। घायल युवक की चाची रायसा बीबी का आरोप है कि भले ही पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है, लेकिन उनके साथी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और केस वापस लेने के लिए डरा-धमका रहे हैं। बदमाशों के साथी बाइक पर सवार होकर आते हैं और हथियार दिखाकर बदला लेने की धमकी दे रहे हैं। हालत यह है कि परिवार की महिलाएं डर के मारे घर छोड़कर दूसरी जगह रहने चली गई हैं।
पार्षद की नाराजगी: स्थानीय पार्षद जॉली बसु ने भी इलाके की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पार्क सर्कस और नेशनल मेडिकल कॉलेज जैसे व्यस्त इलाके में सरेआम फायरिंग होना शर्मनाक है। पार्षद ने बेनियापुकुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले पुलिस जितनी सक्रिय थी, अब वैसी नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में बाहरी बदमाशों का आना-जाना बढ़ गया है।
घटना का बैकग्राउंड: सोमवार देर रात बेनियापुकुर के तिलजला में करीब 5 से 6 राउंड गोलियां चली थीं। मोहम्मद सलमान और मोहम्मद नियाज के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसे शाम को स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया था। लेकिन रात 1 बजे सलमान ने नियाज को घर से बाहर बुलाया और उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फिलहाल पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर रखी है, लेकिन आरोपियों के साथियों की गिरफ्तारी न होने से लोग डरे हुए हैं।