होटल के फ्रीज में सड़ा मांस और गंदगी का अंबार! सिलीगुड़ी में भारी खाद्य असुरक्षा, विधायक शंकर घोष ने दी चेतावनी

सिलीगुड़ी के खान-पान के शौकीनों के लिए एक बेहद डरावनी खबर सामने आई है। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा हाल ही में शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट्स और मिठाई की दुकानों पर की गई छापेमारी में जो खुलासा हुआ है, उसने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि शहर के कई नामी रेस्टोरेंट्स के किचन में रखे मांस में कीड़े कुलबुला रहे थे। कहीं सड़ा हुआ मांस फ्रिज में ठूंस कर रखा गया था, तो कहीं बेहद गंदगी के बीच खाना पकाया जा रहा था।

पिछले सात दिनों से चल रहे इस अभियान में फूड सेफ्टी अधिकारियों ने पाया कि ज्यादातर दुकानें और रेस्टोरेंट खाद्य सुरक्षा के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इस गंभीर मुद्दे पर विधायक शंकर घोष ने बुधवार को जिला स्वास्थ्य विभाग को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “शहर में बिना लाइसेंस के धड़ल्ले से खाने की दुकानें खुल रही हैं। अगर प्रशासन सख्त नहीं हुआ, तो हम खुद सड़कों पर उतरकर दुकानों के लाइसेंस चेक करेंगे।”

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दुकानदारों को प्रशिक्षण देने के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। आरोपी दुकान मालिकों को नोटिस जारी कर दिया गया है। इस खुलासे के बाद सिलीगुड़ी के निवासियों में भारी दहशत है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह छापेमारी आगे भी जारी रहेगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *