IND vs ZIM: चेन्नई में स्पिनर्स मचाएंगे कोहराम? अक्षर पटेल की वापसी तय, देखें भारत की संभावित प्लेइंग-XI

टी-२० वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को कल जिम्बाब्वे के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया के लिए अब हर मैच ‘नॉकआउट’ जैसा है। २६ फरवरी को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले से पहले टीम मैनेजमेंट प्लेइंग-XI में बड़े बदलाव करने की तैयारी में है। खराब फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ियों की जगह अनुभवी चेहरों को मौका मिल सकता है।
संजू सैमसन की हो सकती है एंट्री: सूत्रों की मानें तो लगातार फ्लॉप हो रहे रिंकू सिंह की जगह टीम कुलदीप यादव या मोहम्मद सिराज को खिलाकर गेंदबाजी मजबूत कर सकती है। वहीं, तिलक वर्मा की जगह संजू सैमसन को प्लेइंग-XI में शामिल किया जा सकता है ताकि ओपनिंग में दाएं और बाएं हाथ का बेहतर तालमेल बना रहे। संजू के आने से मध्यक्रम को भी मजबूती मिलेगी।
चेपॉक में स्पिन का वार: चेन्नई की पिच हमेशा से स्पिनरों की मददगार रही है। ऐसे में भारत वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और उप-कप्तान अक्षर पटेल की तिकड़ी के साथ उतर सकता है। वाशिंगटन सुंदर की जगह अक्षर पटेल का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। तेज गेंदबाजी का जिम्मा एक बार फिर जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के कंधों पर होगा।
भारत की संभावित प्लेइंग-XI: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।