सिक्किम में बर्फीला तांडव! ३००० सैलानी फंसे, देवदूत बनकर पहुंची भारतीय सेना; ऐसे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सिक्किम के ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले ४८ घंटों से जारी भारी बर्फबारी ने हजारों पर्यटकों की जान जोखिम में डाल दी है। नाथुला पास, छांगु लेक और जीरो पॉइंट घूमने गए लगभग ३००० पर्यटक और ५५० से अधिक वाहन भारी बर्फबारी के कारण रास्ते में ही फंस गए। कड़कड़ाती ठंड और ऑक्सीजन की कमी के बीच भारतीय सेना की ‘त्रिशक्ति कॉर्प्स’ और बीआरओ (BRO) ने मिलकर एक बड़ा बचाव अभियान शुरू किया है।

बर्फ में फंसी हजारों जिंदगियां: सोमवार से शुरू हुई बर्फबारी मंगलवार को और भी भयावह हो गई। १५ माइल और नाथुला के पास सड़कों पर २ से ३ फीट तक बर्फ जम गई, जिससे गाड़ियों के टायर फिसलने लगे। देखते ही देखते लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और हजारों सैलानी बीच रास्ते में फंस गए। सेना ने तुरंत स्नो कटर मशीनों का उपयोग कर रास्ता साफ करना शुरू किया।

सेना का रेस्क्यू और राहत: मंगलवार रात तक सेना ने करीब १५०० पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर अपने बेस कैंप पहुंचाया। वहां उनके रहने, गरम कपड़ों और खाने-पीने का इंतजाम किया गया। कर्नल गौरव राठौड़ ने बताया कि कुछ सैलानियों की तबीयत खराब हुई थी, जिन्हें आर्मी मेडिकल सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया है। बुधवार सुबह मौसम में सुधार होते ही इन्हें गंगटोक वापस भेजने का काम शुरू कर दिया गया है।

प्रशासन की एडवाइजरी: सिक्किम प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अगले कुछ दिनों तक ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा न करें। पहाड़ी रास्तों पर अभी भी फिसलन बनी हुई है, जो जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *