2026 चुनाव: क्या फिर चलेगा मनोरंजन बेपारी का जादू? विवादों के बावजूद ममता का बड़ा दांव!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की संभावित ड्राफ्ट लिस्ट सामने आने के बाद सबसे अधिक चर्चा हुगली के बालागढ़ विधानसभा क्षेत्र को लेकर हो रही है। सूत्रों की मानें तो पार्टी ने एक बार फिर विवादों के केंद्र में रहने वाले मनोरंजन बेपारी पर दांव खेलने का मन बना लिया है।
मनोरंजन बेपारी 2021 में विधायक बनने के बाद से ही अपनी बेबाक बयानबाजी और पार्टी के भीतर गुटबाजी के कारण चर्चा में रहे हैं। उन्होंने अपनी ही पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं पर बालू तस्करी, कोयला माफिया और राशन घोटाले में शामिल होने के गंभीर आरोप लगाए थे। यहां तक कि उन्होंने ‘बालागढ़ बचाओ’ मंच का गठन कर भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में उनके क्षेत्र में पार्टी के पिछड़ने के बावजूद, ममता बनर्जी का उन पर भरोसा जताना कई बड़े संकेत दे रहा है।
कोलकाता की सीटों की बात करें तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भवानीपुर से चुनाव लड़ना लगभग तय है। इसके साथ ही फिरहाद हकीम (कोलकाता पोर्ट), अरूप विश्वास (टॉलीगंज) और देबाशीष कुमार (रासबिहारी) जैसे दिग्गजों के टिकट भी सुरक्षित माने जा रहे हैं। हालांकि, बालीगंज सीट पर पेच फंसता दिख रहा है। वर्तमान विधायक और मंत्री बाबुल सुप्रियो की सीट बदली जा सकती है, और उनकी जगह अनुभवी नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय को मैदान में उतारा जा सकता है।
सबसे बड़ा बदलाव बेहाला पश्चिम में देखने को मिल सकता है, जो पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी का गढ़ रहा है। भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण जेल में बंद पार्थ की जगह पार्टी किसी वरिष्ठ और साफ-सुथरी छवि वाले नेता को तलाश रही है। उत्तर 24 परगना में भी कुछ सीटों पर फेरबदल की संभावना है। बारासात के विधायक चिरंजीत चक्रवर्ती ने खुद चुनाव लड़ने से मना कर दिया है, जिससे वहां नए चेहरे की एंट्री तय है। दक्षिण 24 परगना के कसबा, जादवपुर और सोनारपुर में पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया गया है, लेकिन भांगड़ सीट के लिए टीएमसी किसी नए और आक्रामक रणनीति वाले चेहरे की तलाश में है।