बेहाला पश्चिम में पार्थ चटर्जी का पत्ता साफ! ममता की नई लिस्ट में कौन लेगा ‘दादा’ की जगह?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ड्राफ्ट कैंडिडेट लिस्ट ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। सबसे ज्यादा चर्चा दक्षिण कोलकाता की हाई-प्रोफाइल सीट बेहाला पश्चिम को लेकर है। भर्ती घोटाले में फंसे पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी इस बार रेस से बाहर नजर आ रहे हैं। भले ही वह जनसंपर्क की कोशिश कर रहे हों, लेकिन ममता बनर्जी की नई लिस्ट इशारा कर रही है कि पार्टी भ्रष्टाचार के आरोपी चेहरों से तौबा कर चुकी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बेहाला पश्चिम से किसी अनुभवी और साफ छवि वाले हेवीवेट नेता को मैदान में उतारा जा सकता है। पूरी लिस्ट में ममता और अभिषेक बनर्जी ने अनुभव और युवाओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। कोलकाता की अन्य सीटों की बात करें तो भवानीपुर से ममता बनर्जी, कोलकाता पोर्ट से फिरहाद हकीम और टॉलीगंज से अरूप विश्वास का नाम लगभग तय है। हालांकि, बालीगंज सीट पर सस्पेंस बना हुआ है। मंत्री बाबुल सुप्रियो की जगह अनुभवी नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय को यहां से मौका मिल सकता है।
उत्तर 24 परगना में भी बड़े बदलाव के संकेत हैं। बारासात से तीन बार के विधायक चिरंजीत चक्रवर्ती ने खुद चुनाव न लड़ने की इच्छा जताई है, जिससे वहां नए चेहरे की एंट्री पक्की है। दक्षिण 24 परगना के भांगड़ में पार्टी किसी आक्रामक और अनुभवी चेहरे को उतारने की तैयारी में है ताकि विपक्ष को कड़ी टक्कर दी जा सके। सुजीत बसु, मदन मित्रा और जावेद खान जैसे पुराने सिपहसालार अपनी सीटों पर बने रह सकते हैं। अंतिम सूची जारी होने से पहले हर सीट पर फीडबैक और सर्वे रिपोर्ट का गहराई से अध्ययन किया जा रहा है।