तेल मालिश से लेकर चप्पल तक! BSNL डायरेक्टर की ‘शाही सेवा’ में लगे 50 इंजीनियर, सिंधिया ने लगाई फटकार

बीएसएनएल (BSNL) के एक सीनियर डायरेक्टर विवेक बंजाल का प्रयागराज दौरा इस समय पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। डायरेक्टर साहब की दो दिनों की यात्रा के लिए जिस तरह का ‘लग्जरी’ इंतजाम किया गया था, उसे देखकर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कड़ी नाराजगी जताई है। सिंधिया ने बुधवार को कहा कि यह स्थापित नियमों का उल्लंघन है और उनके लिए पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
वायरल हुए आदेश के अनुसार, डायरेक्टर विवेक बंजाल की प्रयागराज यात्रा के दौरान उनकी “आराम व्यवस्था” सुनिश्चित करने के लिए जूनियर इंजीनियरों से लेकर डिवीजनल इंजीनियरों तक करीब 50 कर्मचारियों को तैनात किया गया था। हैरानी की बात यह है कि इस सरकारी ड्यूटी में डायरेक्टर के लिए बालों का तेल, कंघी, टूथपेस्ट, अंडरवियर और चप्पलों का इंतजाम करना भी शामिल था। यहां तक कि संगम में स्नान के बाद तौलिए और कपड़े देने के लिए भी एक वरिष्ठ अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई थी।
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया और दौरे को समय से पहले ही रद्द कर दिया गया। बीएसएनएल ने बयान जारी कर कहा है कि यह घटना उनके प्रोफेशनल मूल्यों के खिलाफ है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सरकारी विभाग में अधिकारियों की इस ‘नवाबी’ लाइफस्टाइल पर अब केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है।