स्कूल के मैदान में तेंदुआ! दहाड़ सुनकर कांपे बच्चे, कमरों में बंद हुए टीचर, क्लास सस्पेंड

बुधवार सुबह गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित ग्रीनफील्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उस समय दहशत फैल गई, जब स्कूल परिसर के अंदर एक तेंदुआ (Leopard) घूमता हुआ पाया गया। सुबह करीब 7 बजे जब स्कूल शुरू होने वाला था, तभी सुरक्षा गार्ड ने तेंदुए को कैंपस में देखा। आनन-फानन में स्कूल प्रशासन ने सभी क्लासेज रद्द कर दीं और बच्चों व शिक्षकों को कमरों के अंदर बंद रहने का निर्देश दिया।
सूचना मिलते ही कवि नगर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि वन विभाग की शुरुआती तलाशी में तेंदुआ नजर नहीं आया, लेकिन सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में उसे स्कूल के एक कमरे के अंदर जाते हुए साफ देखा गया है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को घेर लिया गया है और बच्चों को घर भेज दिया गया है।
दिलचस्प बात यह है कि वन्यजीवों के इंसानी बस्तियों में आने की यह कोई इकलौती घटना नहीं है। हाल ही में गुजरात के जूनागढ़ में एक शादी समारोह के दौरान शेरों का झुंड घुस आया था। वहां मेहमान जब खाना खा रहे थे, तभी दो शेर टेंट के अंदर टहलते हुए दिखे। गनीमत यह रही कि शेरों ने किसी पर हमला नहीं किया और कुछ देर बाद चुपचाप जंगल की ओर चले गए। गाजियाबाद और जूनागढ़ की इन घटनाओं ने एक बार फिर इंसानों और जानवरों के बीच बढ़ते टकराव पर चिंता पैदा कर दी है।