मेज पर नोटों का ढेर, ‘जितना चाहो लूट लो’! चीनी कंपनी ने बोनस देने का बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

चीन की एक कंपनी ने अपने सालाना जश्न को ‘कैश शो’ में बदलकर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। ‘हेनान कुआंगशान क्रेन’ नाम की कंपनी ने इस साल अपने कर्मचारियों को बोनस देने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया। कंपनी के चेयरमैन कुई पेइजुन ने मंच पर नोटों के पहाड़ लगवा दिए और कर्मचारियों से कहा कि वे सीमित समय में जितने 100 युआन के नोट बटोर सकते हैं, बटोर लें।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने इस साल कुल 180 मिलियन युआन (लगभग 213 करोड़ भारतीय रुपये) का बोनस बांटा है। यह राशि कंपनी के सालाना मुनाफे का लगभग 70% है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कर्मचारी पागलों की तरह मेज पर रखे नोटों को गिनते और उनके बंडल उठाकर ले जाते दिख रहे हैं। कुछ कर्मचारी तो इतने नोट बटोर ले गए कि उन्हें ले जाने के लिए कई लोगों की मदद लेनी पड़ी।

चेयरमैन कुई पेइजुन को चीन में “सबसे ज्यादा पैसा देने वाला बॉस” कहा जाता है। उनका मानना है कि आज के दौर में युवाओं पर कार लोन और अन्य कर्ज का बोझ है, ऐसे में नकद पैसा ही उनकी सबसे बड़ी मदद कर सकता है। इससे पहले भी वह अपने कर्मचारियों को सोने के गहने और महंगे गिफ्ट्स देते रहे हैं। दुनिया के 130 से ज्यादा देशों में कारोबार करने वाली इस कंपनी की इस दरियादिली ने कॉरपोरेट जगत में एक नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *