पल्लेकेले में मचा गदर! इंग्लैंड से हारकर वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर पाकिस्तान, स्टेडियम में भिड़े समर्थक

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान की करारी हार के बाद स्टेडियम के भीतर शर्मनाक मंजर देखने को मिला। इंग्लैंड के खिलाफ मैच गंवाने के बाद पल्लेकेले की गैलरी में पाकिस्तान और इंग्लैंड के प्रशंसक आपस में भिड़ गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है, जिसमें क्रिकेट प्रेमियों को खेल की मर्यादा भूलकर एक-दूसरे पर हाथ उठाते देखा जा सकता है।

दरअसल, सुपर-8 के इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान को हर हाल में जीत की दरकार थी, क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका पिछला मैच बारिश की वजह से धुल गया था। सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 63 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। जवाब में जब इंग्लैंड ने लक्ष्य का पीछा शुरू किया, तो एक समय वे 58 रन पर 4 विकेट खोकर संघर्ष कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान यह मैच आसानी से जीत जाएगा।

लेकिन तभी इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रुक ने मोर्चा संभाला और पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। ब्रुक ने महज 51 गेंदों में 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रनों की पारी खेलकर इंग्लैंड को 19.1 ओवर में जीत दिला दी। इस हार के साथ ही पाकिस्तान का सेमीफाइनल का रास्ता लगभग बंद हो गया। मैच खत्म होते ही स्टैंड्स में तनाव बढ़ गया। बहसबाजी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ श्रीलंकाई फैंस बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं। इस घटना ने विश्व कप की सुरक्षा व्यवस्था और खेल भावना पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *