प्रोड्यूसर से घर के जूठे बर्तन धुलवाए! नाना पाटेकर ने क्यों दी ऐसी ‘सजा’? परेश रावल ने खोला सालों पुराना राज

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर अपनी बेबाकी और कड़क मिजाज के लिए मशहूर हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर परेश रावल का एक पुराना इंटरव्यू वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने नाना पाटेकर के व्यक्तित्व का एक ऐसा हिस्सा बताया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। परेश रावल के मुताबिक, नाना ने एक बार एक बड़े फिल्म प्रोड्यूसर से अपने घर के जूठे बर्तन तक धुलवा लिए थे।
इंटरव्यू में परेश रावल ने बताया कि नाना पाटेकर अपनी शर्तों पर जीने वाले इंसान हैं। वह उस दौर के पहले ऐसे कैरेक्टर एक्टर थे, जिन्होंने फिल्म के लिए 1 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फीस मांगी थी और उसे हासिल भी किया। उसी दौरान का एक किस्सा साझा करते हुए परेश ने कहा, “एक बार एक प्रोड्यूसर नाना के घर गया। नाना ने उसे बड़े चाव से मटन खिलाया। जैसे ही खाना खत्म हुआ, नाना ने सीधे शब्दों में कहा— खा लिया ना? अब बर्तन धो दो।” उस प्रोड्यूसर ने चुपचाप बर्तन साफ किए।
परेश रावल ने हंसते हुए कहा, “यही नाना पाटेकर हैं! वो सबके बाप हैं।” नाना का यह अंदाज दिखाता है कि वे किसी की भी जी-हुजूरी नहीं करते, चाहे सामने कितना ही बड़ा नाम क्यों न हो। परेश रावल ने खुद भी ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ फिल्म केवल इसलिए छोड़ दी थी क्योंकि उन्हें उनके मुताबिक फीस नहीं मिल रही थी, और इसी संदर्भ में उन्होंने नाना की मिसाल दी। ये दोनों अभिनेता ‘वेलकम’ और ‘गुलाम-ए-मुस्तफा’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं और एक-दूसरे के बेहतरीन दोस्त भी हैं।