IPL 2025 के हीरो वैभव सूर्यवंशी पर बरसा इनाम! टाटा मोटर्स ने गिफ्ट की शानदार कार

आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दुनिया को अपना मुरीद बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को एक बड़ा सरप्राइज मिला है। टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट बनाए रखने के लिए टाटा मोटर्स ने इस युवा सनसनी को अपनी नई ‘टाटा कर्व’ (Tata Curvv) कार उपहार में दी है।
वैभव ने इस सीजन में राजस्थान के लिए केवल 7 मैच खेले, लेकिन उनमें उन्होंने 206.55 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 252 रन कूट डाले। इतनी कम उम्र में दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाले वैभव के टैलेंट को देखते हुए टाटा मोटर्स ने उन्हें इस खास पुरस्कार के लिए चुना। पटना में एक शोरूम के उद्घाटन के दौरान वैभव ने अपनी नई कार की चाबी ली, जिसकी तस्वीरें इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं।
क्रिकेट जगत में वैभव की पहचान एक ‘फियरलेस’ बल्लेबाज के रूप में बन चुकी है। अंडर-19 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 175 रनों की ऐतिहासिक पारी हो या आईपीएल के बड़े मंच पर उनका प्रदर्शन, वैभव ने साबित किया है कि उम्र महज एक नंबर है। फिलहाल इंडिया ‘ए’ के साथ अपना सफर पूरा करने के बाद वैभव आईपीएल 2026 की तैयारी में जुट गए हैं। उनकी यह कामयाबी बिहार समेत पूरे देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।