दिवंगत मां पर भद्दी टिप्पणी! अपमान से आहत गायिका इमान चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया छोड़ने का किया ऐलान

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गायिका इमान चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया से दूरी बनाने का एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। अपनी निजी जिंदगी की झलकियां फैंस के साथ साझा करने वाली इमान अब वहां अपनी कोई भी पर्सनल फोटो या वीडियो पोस्ट नहीं करेंगी। इस फैसले के पीछे की वजह एक ट्रोलर की वह घिनौनी टिप्पणी है, जिसमें इमान की दिवंगत मां को घसीटा गया। इमान ने २०१४ में अपनी मां को खो दिया था। कल उनकी पुण्यतिथि पर इमान ने एक भावुक पोस्ट साझा किया था, जिस पर एक यूजर ने कमेंट किया, “अपनी मां को बुलाकर दिखाओ कि तलवे चाटकर तुम्हें कैसे ‘बंग विभूषण’ मिला है।”
गुरुवार सुबह फेसबुक लाइव के जरिए अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए इमान ने कहा, “किसी के माता-पिता को लेकर ऐसी बातें न करें। आप नहीं जानते कि यह दिल को कितनी गहराई तक चोट पहुँचाता है। मैं पूरी रात सो नहीं पाई हूं।” लाइव के दौरान भी कुछ लोगों ने उनकी त्वचा (मुंहासों) पर कमेंट किया, जिस पर इमान ने करारा जवाब देते हुए कहा, “मुझे मुंहासे हो सकते हैं या कैंसर, इससे आपको क्या?”
इमान ने बताया कि लोग उनकी निजी मान्यताओं, जैसे शादी के बाद शंखा-पोला न पहनना या घर में जगन्नाथ देव की मूर्ति रखने पर भी उन्हें निशाना बनाते हैं। इसी मानसिक प्रताड़ना के कारण उन्होंने अब अपनी निजी जिंदगी को पर्दे के पीछे रखने का फैसला किया है। उन्होंने साफ कर दिया कि अब उनके पेज पर केवल संगीत से जुड़ी जानकारी होगी और जो लोग उनका सम्मान नहीं कर सकते, वे उनका गाना न सुनें तो ही बेहतर है।