कैनिंग में सनसनी: जुए के अड्डे पर विवाद के बाद युवक पर जानलेवा हमला, सिर फोड़ा और पेट में मारा चाकू

दक्षिण २४ परगना जिले के कैनिंग थाना क्षेत्र के हेड़ोभांगा इलाके में बुधवार देर रात जुए के अड्डे पर एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि जुए में जीते हुए पैसे मांगने पर अभिजीत राउत नाम के युवक के पेट में चाकू मार दिया गया और लाठियों से पीटकर उसका सिर फोड़ दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हेड़ोभांगा में कुछ युवक जुआ खेल रहे थे। खेल के दौरान अभिजीत जीत गया और उसने विपक्ष के भोला और नूरो से अपने पैसे मांगे। पैसे देने को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के बीच अचानक भोला और नूरो ने चाकू निकालकर अभिजीत के पेट में घोंप दिया। घायल युवक को खून से लथपथ हालत में कैनिंग सब-डिवीजन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
कैनिंग थाना पुलिस ने मामले की लिखित शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। अस्पताल में भर्ती अभिजीत ने बताया, “बहस चल रही थी, लेकिन मुझे अंदाजा नहीं था कि वे इस तरह चाकू से हमला कर देंगे।”