रानीगंज में कूड़ेदान से मिले ५० से ज्यादा वोटर कार्ड! SIR संशोधन के बीच मचा हड़कंप, क्या है बड़ी साजिश?

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष संशोधन (SIR) की प्रक्रिया के बीच रानीगंज से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रानीगंज के चिनकुठी मोड़ के पास एक कूड़ेदान (डस्टबिन) से करीब ४० से ५० वोटर कार्ड बरामद किए गए हैं। स्थानीय निवासियों ने परसों रात करीब ११:३० बजे इन कार्डों को लावारिस हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी कार्डों को जब्त कर लिया।

जांच में एक और रहस्यमयी बात सामने आई है। बरामद कार्डों में एक स्थानीय निवासी अनरुल इस्लाम का भी कार्ड था, लेकिन जब पुलिस ने उनसे पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि उनका असली वोटर कार्ड उनके पास सुरक्षित है। इस खुलासे के बाद पुलिस को अंदेशा है कि ये कार्ड या तो फर्जी हैं या किसी का डेटा चुराकर अवैध रूप से बनाए गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन कार्डों को वहां कौन और किस मकसद से फेंक कर गया है।

गौरतलब है कि हाल ही में चंद्रकोणा नगर पालिका के एक नाले से भी बड़ी संख्या में वोटर कार्ड मिले थे। पिछले साल नदिया के चकदा में भी झाड़ियों के बीच से बैग में भरे वोटर कार्ड बरामद हुए थे, जिसे लेकर शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब रानीगंज की इस घटना ने एक बार फिर चुनावी पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन इस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *