कोलकाता में 52 सेकंड तक ‘महातांडव’! 5.5 की तीव्रता वाले भूकंप से डोली धरती, घरों से बाहर भागे लोग!

शुक्रवार दोपहर 1:22 बजे पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिले भीषण भूकंप के झटकों से दहल उठे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 मापी गई। मौसम विभाग के अनुसार, यह कंपन लगभग 52 सेकंड तक महसूस किया गया, जिससे ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गुरुवार को उत्तर बंगाल में आए 4.2 तीव्रता के भूकंप के बाद, आज का यह झटका काफी अधिक शक्तिशाली था।

भूकंप का केंद्र और गहराई यूएसजीएस (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र पश्चिम बंगाल के टाकी से मात्र 26 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में बांग्लादेश के खुलना के पास स्थित था। यह जमीन से करीब 9.8 किलोमीटर की गहराई पर था। कोलकाता से इसकी दूरी लगभग 90 किलोमीटर बताई जा रही है।

दहशत में शहर, सड़कों पर उतरे लोग कोलकाता के आईटी हब साल्टलेक और न्यू टाउन की ऊंची इमारतों से लोग तुरंत नीचे की ओर भागे। बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र और बांकुड़ा में भी तेज झटके महसूस किए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि झटके इतने तेज थे कि घरों के पंखे और अलमारियां हिलने लगी थीं।

लगातार झटकों से बढ़ी चिंता बता दें कि बीते 6 फरवरी को सिक्किम के गैलसिंग में 4.5 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका असर दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी में भी दिखा था। विशेषज्ञों का मानना है कि इस क्षेत्र में लगातार हो रही टेक्टोनिक हलचल किसी बड़े खतरे का संकेत हो सकती है। फिलहाल जान-माल के नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *