“वो पास होती तो खाना भी सेहतमंद लगता…” रश्मिका के लिए विजय देवरकोंडा का इमोशनल लेटर वायरल!
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने आखिरकार अपने रिश्ते को शादी का नाम दे दिया है। गुरुवार, 26 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर इस जोड़े ने सात फेरे लिए। शादी के बाद विजय ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी रश्मिका के नाम एक बेहद भावुक पत्र लिखा है, जिसने इंटरनेट पर फैंस की आंखों में आंसू ला दिए हैं।
विजय का दिल छू लेने वाला संदेश अपनी शादी की तस्वीरें साझा करते हुए विजय ने लिखा, “एक दिन ऐसा था जब मुझे उसकी बहुत कमी महसूस हुई। मुझे लगा कि अगर वह साथ होती तो मेरा दिन बेहतर होता। उसके साथ मेरा वर्कआउट मजेदार होता और खाना ज्यादा हेल्दी लगता। मुझे हर जगह बस उसकी शांति और सुकून की जरूरत थी। इसलिए, मैंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त से शादी कर ली… मेरी पत्नी। 26.02.2026।”
शाही मेनू में दिखा तीन राज्यों का स्वाद रश्मिका और विजय की शादी का मेनू काफी चर्चा में है। रश्मिका चूंकि कर्नाटक से हैं और विजय आंध्र-तेलंगाना से, इसलिए भोजन में तीनों राज्यों के मशहूर व्यंजनों को शामिल किया गया। मेहमानों का स्वागत नारियल पानी से किया गया। मेनू में हैदराबादी दम बिरयानी, नाटू कोडी पुलुसु (चिकन करी), गारेलू (मेडु वड़ा) और कीमा समोसा शामिल थे। रश्मिका के गृह नगर कुर्ग के सम्मान में ‘कदम्बुटु’ और ‘पांडी करी’ भी परोसी गई, जबकि मिठाई में मशहूर ‘मैसूर पाक’ ने सबका दिल जीत लिया।
गोपनीयता और खास मेहमान इस शादी को बेहद निजी रखा गया था। समारोह में संदीप रेड्डी वांगा, तरुण भास्कर, ईशा रेब्बा और विजय के भाई आनंद देवरकोंडा जैसे करीबी लोग शामिल हुए। मेहमानों को कार्यक्रम के अंदर की फोटो या वीडियो शेयर करने की अनुमति नहीं थी। हाल ही में इस जोड़े ने रिसेप्शन का न्योता देने के लिए अमित शाह से भी मुलाकात की थी। रश्मिका और विजय की यह ‘ग्रैंड वेडिंग’ अब साल की सबसे बड़ी शादी बन गई है।