बंगाल में बीजेपी की ‘परिवर्तन यात्रा’ का बिगुल! १ मार्च से शुरू होगा महासंग्राम, शमिक भट्टाचार्य ने विपक्ष को भी दिया न्योता

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ की आहट के साथ ही बीजेपी ने अपनी ताकत झोंक दी है। १ मार्च से प्रदेश भर में बीजेपी की ‘परिवर्तन यात्रा’ शुरू होने जा रही है। शुक्रवार को इस भव्य कार्यक्रम का टीज़र और बुकलेट लॉन्च करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। शुभेंदु अधिकारी और सुकांत मजूमदार की उपस्थिति में शमिक ने कहा कि २०११ का परिवर्तन केवल ‘चेहरों का बदलाव’ था, लेकिन अब बंगाल के अस्तित्व को बचाने के लिए असली परिवर्तन की जरूरत है।
यह यात्रा १ मार्च को ४ बड़ी रैलियों के साथ शुरू होगी। ३ और ४ मार्च को होली के कारण ब्रेक रहेगा, जिसके बाद ५ मार्च से ९ अलग-अलग स्थानों से यात्रा फिर शुरू होकर १० मार्च को कोलकाता में समाप्त होगी। इस दौरान २५० विधानसभा क्षेत्रों में ६४ विशाल जनसभाएं और ५५० से अधिक छोटी बैठकें आयोजित की जाएंगी। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए शमिक ने कहा, “तृणमूल और भ्रष्टाचार अब एक-दूसरे के पर्यायवाची बन गए हैं।” उन्होंने एक बड़ा सियासी दांव चलते हुए कांग्रेस, वामपंथी और यहां तक कि तृणमूल के उन कार्यकर्ताओं को भी इस यात्रा में जुड़ने का आमंत्रण दिया जो मौजूदा व्यवस्था से त्रस्त हैं। १० मार्च को प्रधानमंत्री की विशाल जनसभा के साथ इस यात्रा का समापन होगा।