क्या बेंगलुरु में नहीं होगा RCB का पहला मैच? चिन्नस्वामी स्टेडियम पर संशय के बीच आईपीएल की तारीखें आई सामने

आईपीएल २०२६ का इंतजार कर रहे क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर आ रही है। खबरों के मुताबिक, आईपीएल का १९वां सीजन २८ मार्च से शुरू होने जा रहा है, जबकि इसका ग्रैंड फाइनल ३१ मई को खेला जाएगा। हालांकि, बीसीसीआई ने अभी तक आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया है। इसका मुख्य कारण पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। सुरक्षा व्यवस्था और लॉजिस्टिक्स को ध्यान में रखते हुए, बोर्ड चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रहा है। संभावना है कि पिछले सालों की तरह इस बार भी शेड्यूल दो चरणों में घोषित किया जाए।
टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की भिड़ंत होगी। लेकिन पहला मैच कहां होगा, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है। पिछले साल आरसीबी की खिताबी जीत के जश्न के दौरान एम. चिन्नस्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में ११ प्रशंसकों की मौत हो गई थी, जिसके बाद से वहां कोई बड़ा आयोजन नहीं हुआ है। हालांकि कर्नाटक सरकार ने अनुमति दे दी है, लेकिन सुरक्षा कारणों से आरसीबी नवी मुंबई, रायपुर या पुणे जैसे वैकल्पिक मैदानों पर विचार कर रही है। अगले हफ्ते होने वाली आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में फाइनल शेड्यूल और वेन्यू पर अंतिम मुहर लग सकती है।