भारत-बांग्लादेश वीजा पर बड़ी खबर! तारिक रहमान सरकार का बड़ा फैसला, कब से शुरू होगी सर्विस?
भारत और बांग्लादेश के बीच पिछले कुछ समय से जारी वीजा संकट अब खत्म होने की ओर है। बांग्लादेश की नवनिर्वाचित सरकार ने दोनों देशों के बीच यात्रा को सुगम बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। शुक्रवार को फरीदपुर के दौरे पर पहुंचीं बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद ने कहा कि भारत के साथ बातचीत चल रही है और जल्द ही वीजा प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
२०२४ में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से ही दोनों देशों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी। सुरक्षा कारणों से भारत ने वीजा सेवाओं में कटौती की थी, जिसका असर बांग्लादेशी मरीजों और व्यापारियों पर पड़ा था। अब खालिदा जिया के पुत्र तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद ढाका ने नई कूटनीतिक पहल की है। रिपोर्ट के अनुसार, नई दिल्ली और अगरतला स्थित बांग्लादेशी दूतावासों से भारतीय नागरिकों को फिर से वीजा मिलना शुरू होगा।
शमा ओबैद ने भरोसा जताया कि भारतीय उच्चायुक्त भी वीजा सेवाओं को बहाल करने के पक्ष में हैं। गौरतलब है कि पहले जहां रोजाना ८ हजार वीजा जारी होते थे, वहां यह संख्या गिरकर १५०० रह गई थी। इस अस्थिरता को खत्म करने के लिए ढाका और दिल्ली दोनों ही अब सकारात्मक रुख अपना रहे हैं। इस फैसले से उन हजारों लोगों को राहत मिलेगी जो इलाज और पर्यटन के लिए सीमा पार करने का इंतजार कर रहे हैं।