सुंदरवन में पसरा सन्नाटा! वोटर लिस्ट की ‘सुनवाई’ के चक्कर में पर्यटकों ने किया किनारा

पश्चिम बंगाल का मशहूर पर्यटन स्थल सुंदरवन इन दिनों एक अजीब से संकट से जूझ रहा है। जहां इस मौसम में पर्यटकों की भारी भीड़ होनी चाहिए थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। इसका मुख्य कारण राज्य में चल रही ‘एसआईआर’ (SIR) यानी मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया बताई जा रही है। सुंदरवन के व्यापारियों का दावा है कि वोटर लिस्ट की सुनवाई (Hearing) की तारीखें टकराने की वजह से पर्यटकों ने सामूहिक रूप से अपनी बुकिंग रद्द कर दी है।

बोट मालिकों के अनुसार, जनवरी और फरवरी की शुरुआत अच्छी रही थी, लेकिन जैसे ही एसआईआर की प्रक्रिया तेज हुई, बुकिंग कैंसिल होने का सिलसिला शुरू हो गया। एक-एक बोट मालिक की २५ से ३० बुकिंग रद्द हुई हैं। व्यापारियों का कहना है कि लोगों में वोटर लिस्ट से नाम कटने का इतना डर है कि वे घूमने जाने के बजाय सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटना जरूरी समझ रहे हैं।

कुलतली के एक स्थानीय व्यापारी ने बताया, “होटल खाली पड़े हैं और नावें घाट पर खड़ी सड़ रही हैं। पर्यटकों के न आने से स्थानीय दुकानदारों और गाइडों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।” सुंदरवन, जो दीघा और दार्जिलिंग के बाद बंगाल का सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन है, आज प्रशासनिक उलझनों के कारण आर्थिक मंदी की चपेट में है। व्यापारियों को डर है कि अगर यह स्थिति बनी रही, तो इस साल का पूरा सीजन बर्बाद हो जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *