SSC Group-C Exam: बंगाल में 8 लाख उम्मीदवारों की परीक्षा आज, एग्जाम सेंटर में केंद्रीय बलों की एंट्री पर लगी रोक!
पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (SSC) द्वारा आयोजित ग्रुप-सी भर्ती परीक्षा आज, 1 मार्च को पूरे राज्य में आयोजित की जा रही है। 2,989 रिक्त पदों के लिए करीब 8,04,000 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य के कुल 1,693 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एसएससी ने इस बार अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।
केंद्रीय बलों पर बड़ा फैसला विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में केंद्रीय बल (Central Forces) तैनात हैं, लेकिन एसएससी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्रों के भीतर केंद्रीय बलों की मौजूदगी नहीं होगी। इस संबंध में राज्य के डीजी और पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजा गया है। आयोग का मानना है कि परीक्षा के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए यह निर्णय जरूरी है।
उम्मीदवारों के लिए सख्त निर्देश परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए जूते पहनने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। उम्मीदवारों को केवल चप्पल या हवाई चप्पल पहनकर आने को कहा गया है। इसके अलावा मोबाइल, कैलकुलेटर, गहने या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने की अनुमति नहीं है। उम्मीदवारों को सुबह 10 बजे तक केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया गया था, क्योंकि मेटल डिटेक्टर से गहन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। 60 अंकों की यह परीक्षा दोपहर 1:50 बजे समाप्त होगी।