बड़ी गड़बड़ी! चुनाव करा रहे बीडीओ का ही नाम वोटर लिस्ट से कटा, बंगाल में ‘SIR’ लिस्ट पर मचा कोहराम

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को लेकर एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। जलपाईगुड़ी के मयनागुड़ी के बीडीओ प्रसेनजीत कुंडू, जो खुद चुनाव प्रक्रिया में एईआरओ (AERO) के पद पर तैनात हैं, उनका नाम ही फाइनल वोटर लिस्ट से गायब है। उनके नाम के आगे ‘डिलीटेड’ लिखा देखकर प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

बीडीओ प्रसेनजीत कुंडू अलीपुरद्वार के निवासी हैं। उनके माता-पिता और पत्नी का नाम लिस्ट में है, लेकिन उनका खुद का नाम काट दिया गया है। इस घटना ने तृणमूल कांग्रेस को चुनाव आयोग और भाजपा पर हमला करने का बड़ा मौका दे दिया है। पूर्व टीएमसी सांसद पार्थप्रतिम रॉय ने सोशल मीडिया पर आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए इसे ‘जानबूझकर की गई गड़बड़ी’ करार दिया।

रॉय ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आयोग अब ‘हिस मास्टर्स वॉयस’ की तरह काम कर रहा है और बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए यह ‘अंकगणित’ सेट किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर एक वरिष्ठ अधिकारी का नाम सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता के वोटों का क्या होगा? हालांकि, आयोग ने कहा है कि जिनका नाम कटा है वे दोबारा आवेदन कर सकते हैं, लेकिन इस विवाद ने बंगाल की राजनीति में आग लगा दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *