ईडन गार्डन्स में ‘धुरंधर’ शो! वेस्टइंडीज के पावर-हिटर्स को रोकने के लिए सूर्या का मास्टरप्लान तैयार

कोलकाता का ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स आज एक ऐसे महामुकाबले का गवाह बनने जा रहा है, जिसे ‘वर्चुअल क्वार्टर फाइनल’ कहा जा सकता है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए आज हर हाल में वेस्टइंडीज को हराना होगा। दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत ने भारत के नेट रन रेट की टेंशन तो खत्म कर दी है, लेकिन आज की हार का मतलब होगा सीधा वर्ल्ड कप से बाहर।
टिकटों की मारामारी और मनोरंजन का तड़का कोलकाता में क्रिकेट का मतलब है जुनून। टिकटों की कालाबाजारी चरम पर है, जहां ९०० रुपये का टिकट ३००० रुपये में बिक रहा है। दर्शकों के लिए मैदान पर ‘लेजर शो’ और ‘धुरंधर’ फिल्म के गानों का इंतजाम किया गया है। कप्तान सूर्या का स्वागत फूलों के गुलदस्ते से किया जाएगा, लेकिन फैंस को इंतजार है उनके बल्ले से निकलने वाली आतिशबाजी का।
खतरनाक कैरेबियन बैटिंग और भारतीय चुनौती वेस्टइंडीज की टीम कितनी खतरनाक है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ६० रन पर ६ विकेट खोने के बाद भी उन्होंने १७६ का स्कोर खड़ा कर दिया। शाई होप, हेटमायर और पॉवेल जैसे दिग्गज अकेले दम पर मैच पलटने का माद्दा रखते हैं। दूसरी ओर, भारतीय बल्लेबाजी भी फॉर्म में है। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की तूफानी पारियों ने भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ २५६ का रिकॉर्ड स्कोर दिलाने में मदद की थी।
पिच और गेंदबाजी का समीकरण पिच क्यूरेटर सुजन मुखर्जी के मुताबिक, ईडन की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल होगी, जहां उछाल और गति दोनों मिलेगी। शाम को ओस (Dew) एक बड़ा फैक्टर होगी, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। भारत के लिए चिंता का विषय वरुण चक्रवर्ती की खराब फॉर्म और जसप्रीत बुमराह पर बढ़ती निर्भरता है। अगर बुमराह को शुरुआत में विकेट नहीं मिलते, तो भारतीय गेंदबाजी दबाव में आ जाती है। १० साल पुराने हिसाब को चुकता करने के लिए गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया आज जी-जान लगा देगी।