दुबई में मिसाइल अटैक! धमाकों की गूँज से सहमा KRK का परिवार, रात भर नहीं सो पाए लोग

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दुबई से बेहद डराने वाली खबरें सामने आ रही हैं। अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी जंग की तपिश अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) तक पहुँच गई है। अभिनेता और फिल्म समीक्षक कमाल आर खान (KRK) ने दुबई में मिसाइल और ड्रोन हमलों की आवाजें सुनाई देने का दावा किया है, जिससे वहां दहशत का माहौल है।
KRK ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी देते हुए बताया कि धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि उनका परिवार पूरी रात सो नहीं सका। उन्होंने लिखा, “दुबई में मिसाइल और ड्रोन विस्फोटों के कारण मेरी फैमिली दहशत में है। यह शहर के निवासियों के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है।”
हवाई सेवा पर पड़ा गहरा असर: युद्ध के खतरे को देखते हुए दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर परिचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। करीब 280 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और 250 से अधिक विमान देरी से चल रहे हैं। सुरक्षा कारणों से ईरान, इराक और इजराइल जैसे देशों ने अपनी हवाई सीमाएं बंद कर दी हैं।
खामेनेई की मौत की खबर से मची खलबली: ईरानी मीडिया के अनुसार, अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई है। इस हमले में उनके परिवार के चार सदस्य भी मारे गए हैं। डोनाल्ड ट्रम्प ने भी इस खबर की पुष्टि करते हुए इसे ईरान के लिए एक बड़ा मोड़ बताया है। फिलहाल दुबई समेत पूरे खाड़ी क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है।