वोटर लिस्ट विवाद: चुनाव आयोग का बड़ा फैसला, अब जिलाधिकारियों के पास सीधे आवेदन कर सकेंगे नागरिक!

पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों से पहले वोटर लिस्ट को लेकर मचे घमासान के बीच चुनाव आयोग ने लाखों लोगों को बड़ी राहत दी है। राज्य में जिन ५,४६,०५३ मतदाताओं के नाम लिस्ट से काट दिए गए थे, उन्हें अब अपना नाम वापस जुड़वाने का एक और मौका मिलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय इसके लिए एक विशेष एसओपी (SOP) तैयार कर रहा है, जो सोमवार तक सभी जिलाधिकारियों के पास पहुंच जाएगी।
आवेदन की प्रक्रिया: आयोग एक विशेष फॉर्मेट जारी करेगा। जिन लोगों के नाम कटे हैं, उन्हें इस फॉर्मेट में अपनी पूरी जानकारी भरकर जिलाधिकारी (DM) के पास जमा करनी होगी। जिलाधिकारी पुराने दस्तावेजों की जांच करेंगे और फिर आवेदक को सुनवाई के लिए बुलाया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को एक निश्चित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
यह कदम उन लोगों की शिकायतों के बाद उठाया गया है जिन्होंने दावा किया था कि उन्हें सुनवाई का नोटिस नहीं मिला या वे किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सके। माणिकतला जैसे क्षेत्रों में एक ही परिवार के कई सदस्यों के नाम हटाए जाने के बाद भारी विरोध प्रदर्शन हुए थे। अब चुनाव आयोग इन सभी को ‘अंडर एडज्यूडिकेशन’ श्रेणी में रखकर उनके नामों पर दोबारा विचार करेगा।