देश का नाम रोशन करने वाली विश्व विजेता ऋचा घोष अब वोटर लिस्ट में ‘विचाराधीन’! सिलीगुड़ी में भारी आक्रोश

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी और विश्व कप विजेता ऋचा घोष का नाम मतदाता सूची में ‘एडजुडिकेट’ यानी विचाराधीन श्रेणी में डाल दिया गया है। जिसने अपनी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से देश को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वर्ल्ड कप दिलाया, आज उसी खिलाड़ी की नागरिकता की पात्रता पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। शनिवार को जारी फाइनल वोटर लिस्ट में ऋचा और उनकी बड़ी बहन सोमश्री घोष का नाम विचाराधीन सूची में देखकर हर कोई हैरान है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा ‘बंग विभूषण’ से सम्मानित ऋचा घोष फिलहाल बेंगलुरु में अभ्यास कर रही हैं। उनके पिता मानबेंद्र घोष ने बताया कि चुनाव आयोग की विशेष गहन संशोधन (SIR) प्रक्रिया के दौरान ऋचा देश के लिए खेल रही थीं, इसलिए वे व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकीं, लेकिन उनके सभी कानूनी दस्तावेज जमा कर दिए गए थे। इसके बावजूद नाम का विचाराधीन होना प्रशासनिक लापरवाही की पराकाष्ठा है। सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। रविवार को पार्षद मौसमी हाजरा ऋचा के घर पहुंचीं और उन्होंने इसे बंगाल की बेटी का अपमान बताया। तृणमूल कांग्रेस ने इस मुद्दे को चुनाव आयोग के सामने ले जाने का फैसला किया है। खेल प्रेमियों का कहना है कि जो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगे का प्रतिनिधित्व करती है, उसके साथ ऐसा व्यवहार अक्षम्य है।