मालदा में पुलिस का आधी रात को बड़ा एक्शन! करोड़ों की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, नशे के नेटवर्क पर करारी चोट

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। शुक्रवार आधी रात को मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र के अमलीतला मैदान में छापेमारी कर पुलिस ने 4 किलो 649 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में कालियाचक निवासी कइम शेख (34) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मालदा के पुलिस अधीक्षक अभिजीत बंद्योपाध्याय ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘नो कॉम्प्रोमाइज’ नीति अपनाई जा रही है। दरअसल, तस्करों ने अब कालियाचक से अपना ठिकाना बदलकर मोथाबाड़ी जैसे इलाकों के सुनसान मैदानों को चुनना शुरू कर दिया है। पुलिस की संयुक्त टीम ने जब खेत में दबिश दी, तो अंधेरे का फायदा उठाकर कई लोग भाग निकले, लेकिन कइम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसपी के अनुसार, पिछले दो महीनों में जिले से 80 किलो ब्राउन शुगर जब्त की जा चुकी है और 120 लोगों को जेल भेजा गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर इस गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *