‘रथयात्रा से नहीं दबेगा जनता का आक्रोश’, कल्याण बनर्जी ने BJP की परिवर्तन यात्रा पर साधा निशाना

श्रीरामपुर के सांसद और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि इस तरह के आयोजनों से जनता का गुस्सा कम नहीं होने वाला। रविवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा चाहे जितनी रथयात्राएं कर ले, बंगाल के लोगों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। उनके पास सब कुछ हो सकता है, लेकिन ममता बनर्जी के पास जनता का समर्थन है।”

कल्याण बनर्जी ने मतदाता सूची संशोधन (SIR) प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग 60 लाख लोगों का नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है या उन्हें ‘पेंडिंग’ रखा गया है, जो उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले पांच वर्षों से 100 दिनों की कार्य योजना (MGNREGA) का पैसा रोककर बंगाल के गरीबों को भूखा मारा है।

वोटर लिस्ट के मुद्दे पर उन्होंने प्रभावित लोगों से तुरंत ‘फॉर्म-6’ भरने की अपील की और कहा कि पार्टी इन सभी नामों की सूची तैयार कर सुप्रीम कोर्ट में पेश करेगी। उन्होंने न्यायाधीशों से अपील की कि वे इन मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करें ताकि करोड़ों लोगों का मताधिकार सुरक्षित रहे। केंद्रीय बलों की तैनाती पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सुरक्षा बलों का सहारा ले सकती है, लेकिन तृणमूल जनता के भरोसे चुनाव लड़ेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *