ममता बनर्जी पर बनी ‘द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ बनर्जी’! चुनाव से पहले विपक्ष के आरोपों का करारा जवाब

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के शोर के बीच एक नई राजनीतिक हलचल फिल्म जगत से आई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जीवन और उनके संघर्षों पर आधारित एक विशेष डकु-फीचर ‘द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ बनर्जी’ (The Untold Story of Banerjee) जल्द ही रिलीज होने वाली है। आरके एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह २५ मिनट की फिल्म मुख्य रूप से ममता बनर्जी के १९९३ से २०२६ तक के राजनीतिक सफर को दर्शाती है। फिल्म के निर्माताओं का दावा है कि यह फिल्म चुनाव से पहले विपक्ष द्वारा किए जा रहे ‘दुष्प्रचार’ का मुंहतोड़ जवाब देगी।

फिल्म के निर्माता और पटकथा लेखक जुनैद खान ने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री में न केवल ममता बनर्जी के ‘दीदी’ बनने का सफर है, बल्कि युवा नेता अभिषेक बनर्जी के राजनीतिक उदय की अनकही कहानियों को भी प्रमुखता से दिखाया गया है। जुनैद के अनुसार, अभिषेक बचपन से ही ममता बनर्जी के साथ साए की तरह रहे हैं, जिसे जनता के सामने लाना जरूरी है। खास बात यह है कि इस फिल्म के जुनून में जुनैद ने अपना एक फ्लैट तक बेच दिया है। उनका कहना है, “मुख्यमंत्री मेरी भावना हैं और अभिषेक मेरे आदर्श, उनके लिए मैं कुछ भी कर सकता हूं।”

राहुल साहा द्वारा निर्देशित इस फिल्म का टीज़र आज कोलकाता प्रेस क्लब में लॉन्च किया जाएगा। फिल्म में अभिषेक बनर्जी की भूमिका खुद जुनैद खान निभा रहे हैं। वर्तमान में रमजान के चलते शूटिंग रुकी हुई है, लेकिन लक्ष्य चुनाव से पहले इसे रिलीज करना है। निर्माताओं को उम्मीद है कि यह डॉक्यूमेंट्री बंगाल की जनता को राज्य सरकार के विकास और संघर्षों की असली तस्वीर दिखाएगी और विपक्षी दलों के नैरेटिव को चुनौती देगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *