मैसूर की सड़क पर विदेशी पर्यटक रह गया दंग! बिरयानी वाले ने पैसे लेने से किया इनकार, जीता दुनिया का दिल

भारत अपनी संस्कृति और मेहमाननवाजी के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। मैसूर की व्यस्त सड़कों पर एक विदेशी पर्यटक के साथ जो हुआ, उसने ‘अतिथि देवो भव:’ के मंत्र को सच कर दिखाया। भारत आने से पहले इस पर्यटक को कई तरह की सावधानियां बरतने की सलाह दी गई थी, लेकिन एक बिरयानी बेचने वाले की मुस्कान ने उसकी सारी धारणाएं बदल दीं।
मैसूर में घूमते समय विदेशी युवक को बिरयानी की सोंधी खुशबू ने अपनी ओर खींचा। वह फुटपाथ पर बिरयानी बेच रहे एक शख्स के पास गया और कीमत पूछी। दुकानदार ने मुस्कुराते हुए उसे पास बुलाया और बिरयानी से भरी एक प्लेट उसके हाथ में थमा दी। जब युवक ने पैसे देने चाहे, तो दुकानदार ने मना कर दिया और बस स्वाद चखने का अनुरोध किया। इतना ही नहीं, बगल में खड़े एक अन्य व्यक्ति ने बिरयानी के ऊपर चिकन की एक खास डिश भी डाल दी।
हैरान रह गया विदेशी युवक बिना पैसे दिए इस प्यार भरी दावत को ठुकरा नहीं सका और सड़क किनारे खड़े होकर अन्य लोगों के साथ बिरयानी का आनंद लिया। सोशल मीडिया पर यह घटना तेजी से वायरल हो रही है। लोग बिरयानी बेचने वाले के इस निस्वार्थ व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं। विदेशी युवक ने भी माना कि भारत को किताबों से नहीं, बल्कि यहां के लोगों के दिल से ही समझा जा सकता है।