दुबई-अबू धाबी पर ईरानी हमला, पीएम मोदी ने यूएई राष्ट्रपति को किया फोन! बुर्ज खलीफा कराया गया खाली

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बात की। ईरान द्वारा हाल ही में किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए पीएम मोदी ने यूएई के प्रति भारत की एकजुटता व्यक्त की। अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने प्रतिशोध स्वरूप यूएई के महत्वपूर्ण ठिकानों, विशेषकर अबू धाबी और दुबई को निशाना बनाया है।
इस हमले ने दुनिया को हिलाकर रख दिया है। सुरक्षा कारणों से दुनिया की सबसे ऊंची इमारत ‘बुर्ज खलीफा’ को खाली करा लिया गया और दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन ठप रहा। खबरों के अनुसार, दुबई के एक लग्जरी होटल में आग लग गई है, जो मिसाइल हमले का परिणाम माना जा रहा है। इस हिंसा में ३ लोगों की जान गई है और कई घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। भारत सरकार ने घायल भारतीय के परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।
पीएम मोदी ने एक्स (X) पर अपने संदेश में कहा कि भारत खाड़ी क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का पक्षधर है। उन्होंने यूएई में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां के नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उधर, यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों को ‘कायरतापूर्ण’ करार देते हुए देश की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की बात कही है। पूरी दुनिया की नजर अब इस बात पर है कि कूटनीतिक प्रयास इस सुलगते हुए मध्य पूर्व को शांत कर पाएंगे या नहीं।