‘सांप का सिर काट दिया!’ ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का मुख्यालय तबाह, अमेरिकी सेना ने ली हमले की जिम्मेदारी

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का रसूख अब इतिहास के पन्नों में दफन होता दिख रहा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोमवार को पुष्टि की है कि एक बड़े सैन्य हमले में IRGC के मुख्यालय को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। अमेरिकी सेना ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पिछले ४७ वर्षों से हजारों अमेरिकियों की हत्या के जिम्मेदार इस सांप का सिर हमने कुचल दिया है।” सैटेलाइट तस्वीरों में मुख्यालय की जगह केवल धुएं का गुबार और मलबा नजर आ रहा है।
पिछले शनिवार से शुरू हुए ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर चौतरफा हमला बोल दिया है। इस युद्ध में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई, रक्षा मंत्री और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रमुख पहले ही मारे जा चुके हैं। १९७९ की इस्लामी क्रांति के बाद बनी इस बलशाली सेना पर मानवाधिकारों के हनन और प्रदर्शनकारियों के दमन का आरोप था। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ही चेतावनी दी थी कि वह ईरान के इस दमनकारी शासन को खत्म करके दम लेंगे।
सैन्य सूत्रों के अनुसार, अमेरिका ने बी-२ बमवर्षकों का उपयोग करते हुए ईरान के १,००० से अधिक ठिकानों पर बमबारी की है। यह हमला उस समय हुआ है जब ईरान के भीतर ही युवा पीढ़ी शासन के खिलाफ सड़कों पर उतरी हुई थी। इस हमले के साथ ही मध्य पूर्व की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत की संभावना जताई जा रही है, जहां दशकों पुराने कट्टरपंथी ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया है।