ईरान-अमेरिका तनाव से शेयर बाजार में हाहाकार! सेंसेक्स ८८४ अंक टूटा, निवेशकों के डूबे करोड़ों
March 2, 2026

पश्चिम एशिया में युद्ध की आहट ने भारतीय शेयर बाजार को हिलाकर रख दिया है। कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होने के डर से सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट देखी गई। सुबह ९:३० बजे सेंसेक्स ८८४.३५ अंक गिरकर ८०,४०२.८४ पर आ गया, जबकि निफ्टी ५० में २६७.४५ अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
विशेषज्ञ डॉ. वी के विजयकुमार का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतें बाजार के लिए सबसे बड़ा जोखिम हैं। हालांकि, उन्होंने निवेशकों को ‘पैनिक सेलिंग’ (घबराहट में शेयर बेचना) न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि युद्ध की स्थितियों का असर बाजार पर ६ महीने से ज्यादा नहीं रहता। निवेशकों को इस गिरावट का फायदा उठाकर बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और डिफेंस जैसे क्षेत्रों के मजबूत शेयरों को धीरे-धीरे खरीदना चाहिए।