‘ममता की वजह से पूरे भारत पर खतरा!’ घुसपैठ के मुद्दे पर सिलीगुड़ी में गरजे नितिन नबीन, बंगाल सरकार पर बड़े आरोप

पश्चिम बंगाल में घुसपैठ की समस्या अब केवल एक राज्य का मुद्दा नहीं रह गई है, बल्कि इसने पूरे भारत की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है। सिलीगुड़ी में ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। सोमवार को उत्तर बंगाल दौरे के दूसरे दिन नबीन ने सुकना के एक होटल में पार्टी विधायकों और प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसके बाद उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर राज्य सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया।
नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि बंगाल सरकार जानबूझकर बांग्लादेश से लोगों को लाकर यहां बसा रही है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “घुसपैठियों को यहां कौन जगह दे रहा है? उन्हें काम कौन दे रहा है? भारत के चाहे हिंदू हों या मुसलमान, सबके अधिकार सुरक्षित रहेंगे, लेकिन हम विदेशियों को अपने देश के नागरिकों का अधिकार छीनने नहीं देंगे।” उन्होंने ममता बनर्जी से सीधा सवाल किया कि सीमा सुरक्षा के लिए राज्य सरकार जमीन क्यों नहीं दे रही है? नबीन के अनुसार, आगामी चुनाव केवल बंगाल के लिए नहीं बल्कि देश की अखंडता की रक्षा के लिए है।
बैठक के दौरान उत्तर बंगाल की ज्वलंत समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में गोरखालैंड की मांग और ११ जनजातियों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का मुद्दा फिर से गरमाया। दार्जिलिंग के विधायक नीरज जिम्बा और सांसद राजू बिस्ता ने क्षेत्र की राजनीतिक और आर्थिक समस्याओं को नबीन के सामने रखा। चाय उद्योग की बदहाली पर चिंता जताते हुए नबीन ने कहा कि १७० साल पुराने गौरवशाली दार्जिलिंग चाय उद्योग को यह सरकार बर्बाद कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार पहाड़ों और डुआर्स की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।